हम सब जानते हैं कि पानी हमारे शरीर के लिए बहुत ज़रूरी होता है। भोजन के बिना तो हम लोग कुछ दिन तक रह सकते हैं, लेकिन पानी के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। अगर हमारे शरीर में पानी की कमी हो जाए तो हम लोग बहुत सी बीमारियों के शिकार होने लगते हैं। इसीलिए हमें भरपूर मात्रा में पानी पीना चाहिए। इसके अलावा गुनगुना पानी पीना भी सेहत के लिए फ़ायदेमंद माना जाता है।
आयुर्वेद के अनुसार हल्का गरम पानी पीने से पित्त और कफ दोष नहीं होता है और पाचन क्रिया सही रहती है। अगर पानी उबालते समय उसमें अदरक का एक छोटा टुकड़ा डाल दें तो इसके सेवन से बहुत फ़ायदा होगा। क्योंकि उबालने के बाद ठंडा हुआ पानी कफ और पित्त को नहीं बढ़ाता है लेकिन इसके लिए रोज ताज़ा पानी उबालकर सेवन करना चाहिए। एक दिन से ज़्यादा उबला हुआ पानी नहीं पीना चाहिए क्योंकि बासी हो जाने पर पानी में कुछ ऐसे जीवाणु विकसित हो जाते हैं, जो स्वास्थ्य पर बुरा असर डालते हैं। बासी उबले हुए पानी का सेवन वात, कफ और पित्त को बढ़ाता है। इसीलिए हमेशा ताज़ा उबला हुआ पानी पिए।
गुनगुना पानी पीने के अदभुत लाभ
1. वज़न कम करने में सहायक
अगर आप अपना वज़न कम करना चाहते हैं, तो सुबह उठने के बाद, रात को सोने से पहले गुनगुने पानी का सेवन करें। इसको पीने से शरीर में मेटाबॉलिज़्म बढ़ता है, जिससे शरीर में खाना फैट में कन्वर्ट नहीं होता, बल्कि शरीर को एनर्जी प्रदान करता है। इसके अलावा रोज़ सुबह गुनगुने पानी में नींबू और शहद डालकर पीने से हमारे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और वज़न भी कम होता है।
2. खांसी और ज़ुक़ाम से बचाव
सर्दी के मौसम में अक्सर लोगों को सर्दी, जुक़ाम और खांसी की समस्या हो जाती है। इस समस्या से बचने के लिए पानी को उबाल कर हल्का ठंडा कर लें। फिर हल्के गरम पानी को पिए। इससे गले की खराश, खांसी और ज़ुक़ाम से आप बचे रहेंगे।
3. मासिक धर्म के दर्द को कम करें
लड़कियों को पीरियड्स या मासिक धर्म के समय पेट में दर्द हो रहा हो तो उस समय एक गिलास गुनगुना पानी पिएं। इसके अलावा 1 चम्मच अजवाइन डालकर पानी उबालें और फिर इसे हल्का ठंडा करके पीने से बहुत आराम मिलती है।
4. अच्छी नींद के लिए
रात को खाने खाने के आधे घण्टे बाद व सोने से पहले गुनगुना पानी पीना चाहिए, इससे आपको नींद अच्छी आएगी।
5. पाचनतंत्र ठीक रखे
गैस, कब्ज़ व बदहज़मी से परेशान लोगों को खाना खाने के आधे घण्टे के बाद गुनगुने पानी का सेवन करना चाहिए। क्योंकि गुनगुने पानी का सेवन पाचनतंत्र को मज़बूत बनाता है। जिससे आप चुस्त और एक्टिव बने रहते हैं।
6. रक्त का संचार
शरीर को कई सारी बीमारियों से बचाने के लिए हमेशा हल्के गुनगुने पानी का सेवन करें। गुनगुने पानी के सेवन से शरीर में रक्त का संचार अच्छे से होता है और आप हमेशा रोग मुक्त रहते हैं।
7. गठिया रोग
अगर कोई गठिया रोगी है तो उसे गुनगुना पानी पीना चाहिए। इसको पीने से आपको बहुत आराम मिलेगा और आप जोड़ों के दर्द से भी बचे रहेंगे।
8. विषैले तत्वों को बाहर निकालें
गुनगुना पानी का सेवन सेहत के लिए बहुत फ़ायदेमंद है। गुनगुने पानी पीने से शरीर में ताप बढ़ता है जिसके बाद शरीर से पसीना निकलता है और इसके द्वारा शरीर से विषैले तत्व बाहर निकल जाते हैं। इसीलिए रोज़ाना हल्के गरम पानी का सेवन ज़रूर करें।
9. मांसपेशियों की ऐंठन
हमारी मांसपेशियों का 80 प्रतिशत भाग पानी से बना हुआ है। इसलिए ठंडे पानी की जगह अगर आप गुनगुने पानी को पीते हैं तो इससे मांसपेशियों की ऐंठन भी दूर होती है।
10. बालों को मज़बूत बनाए
गुनगुने पानी का असर हमारे पूरे शरीर पर होता है। इसीलिए गुनगुने पानी को पीने से हमारे बालों की सुन्दरता बढ़ती है, वे मज़बूत होते हैं और बाल रुसी से भी बचे रहते हैं।