गुजराती बेसन ढोकला बनाने की विधि

आज हम आपको गुजराती बेसन ढोकला बनाने की विधि बताने जा रहें है। ढोकला और थेपला गुजरात के ख़ास व्यंजनों में से एक हैं। वैसे तो गुजरात में नाना प्रकार के ढोकले मिलते हैं जैसे कि चावल का बना सफेद ढोकला , दाल का ढोकला , सूजी का ढोकला , बेसन का ढोकला आदि। बेसन का ढोकला गुजरात के साथ -2 उत्तर भारत में भी बड़े शौक से खाया जाता हैं। इसे बनाना बेहद आसान हैं। तो आइये झटपट बेसन के ढोकले को बनाते है और इसके स्वाद का आनन्द उठाते हैं…

गुजराती बेसन ढोकला

आवश्यक सामग्री

गुजराती बेसन ढोकला बनाने के लिए आपकी किचन टेबल पर निम्न सामान होना चाहिए…

बेसन ढोकला बनाने के लिए

बेसन – 2 कप
दही- 2 कप
हरी मिर्च बारीक़ कटी हुई – 1
अदरक बारीक़ कसा हुआ – 1/2 चम्मच
हल्दी – 1 चुटकी
ईनो – 2 चम्मच
तेल – 1 चम्मच
नमक – स्वादानुसार
पानी – आवश्यकतानुसार (बेसन का घोल बनाने के लिए)

बेसन ढोकले का तड़का बनाने के लिए

राई – 1 चम्मच
हरी मिर्च – 6 (बीच में लंबाई से एक धार में कटी हुई )
हरा धनिया बारीक़ कटी हुई – 1/2 बड़ा चम्मच
चीनी – 3 चम्मच
कड़ी पत्ता – 10 पत्तियां
नींबू का रस – 1
पानी – 2 कप
तेल- 1 चम्मच

गुजराती बेसन ढोकला बनाने की विधि

बेसन ढोकले का पेस्ट बनाने के लिए

  1. सबसे पहले बेसन को अच्छे से छान लें, जिससे अगर इसमें कोई गुठली है तो वह निकल जाए।
  2. एक कटोरे में बेसन, दही, तेल, नमक, हल्दी, बारीक़ कटी हुई हरी मिर्च, अदरक और चीनी को डालकर मिला लें।
  3. अब इसमें थोड़ा- थोड़ा करके पानी डालें और अच्छे से फेट लें। ध्यान रहे घोल उड़ेलने लायक गाढ़ा होना चाहिए।
  4. अब बेसन के घोल में 2 चम्मच ईनो डालें। ईनो के ऊपर एक चम्मच पानी डालें और इसे अच्छे से एक मिनट के लिए फेट लें।

बेसन ढोकला पकाने के लिए

  1. एक एल्युमीनियम का बर्तन लीजिए और इसके अन्दर की सतह पर अच्छी तरह से तेल लगाएं। अब बेसन के घोल को एल्युमीनियम के बर्तन में डालें। बरतन में तेल लगाने से बेसन का घोल बर्तन में चिपकता नहीं है।
  2. अब गैस चूल्हा को जलाकर इस पर कुकर चढ़ायें। इस कुकर को 25% पानी से भरें। इसमें एक छोटी कटोरी को डूबा कर रखें।
  3. बेसन के घोल वाला एल्युमीनियम के बर्तन को इस कटोरी के ऊपर रखें और कुकर का ढक्कन बंद कर दें। ध्यान रहे के कुकर की सीटी को निकाल दें।
  4. अब तेज़ आंच पर इसे 25 मिनट के लिए पकने दें।
  5. लगभग 25 मिनट बाद ढोकला पक जायेगा। ढोकला पका है या नही इसकी जाँच करने के लिए एक साफ़ चाकू को साइड से ढोकले के अंदर डालें और बाहर निकालें। अगर चाकू साफ़ बाहर निकल आएं तो इसका मतलब है कि बेसन ढोकला पक गया है। अगर चाकू में ढोकला चिपकता है तो इसका मतलब है कि ढोकला अभी कच्चा है और इसे थोड़ा और पकाना है।
  6. जब गुजराती बेसन ढोकला पक जाए तो गैस बन्द कर दें। फिर ढोकले के बरतन को कुकर से बाहर निकाल लें और 2-5 मिनट के लिए ठंडा होने दें।
  7. अब चाकू की मदद से बर्तन के किनारे को ढोकले से अलग कर लें और इसे छोटे टुकड़ों में काट लें ।

बेसन ढोकले का तड़का तैयार करने के लिए

  1. एक कढ़ाही में थोड़ा तेल गरम करें । इसमें राई डालें और राई के चटकने के बाद इसमें कड़ी पत्ता और हरी मिर्च डालें।
  2. अब इसमें पानी, चीनी और 1 नींबू के रस को डालकर तेज आंच पर 3 मिनट तक पकाएं। लगभग 3 मिनट बाद गैस बन्द कर दें।
  3. अब तड़के को ढोकले पर अच्छे से फैलाकर डाल दें और ढोकले को तड़का सोखने दें। इसके लिए ढोकले को 10 मिनट के लिए रख दें। जिससे तड़का हर टुकड़े में पहुंच जायेगा और उसे नमी प्रदान करेगा।

अब एक प्लेट में गुजराती बेसन ढोकला के 4 पीस रखें। इसके ऊपर तड़के की हरी मिर्च रखें। अब इसे हरी धनिया से सजाकर सर्व करें। अब स्वादिष्ट बेसन ढोकले का आनन्द उठाएं।

Keywords – Gujarati Besan Dhokla, Besan Dhokla, Dhokla Recipe, Gujarati Recipe

Leave a Comment