पोहा ढोकला

ढोकला एक लाजवाब गुजराती डिश है। जिसे कुछ ही मिनटों में बनाकर आप नाश्ते में सर्व कर सकते हैं। ढोकला सूजी, बेसन, चावल आदि के बनाए जाते हैं। लेकिन आज हम आपको पोहा ढोकला बनाने की विधि बताने जा रहे हैं। जिसे बनाने में सूजी, पोहा और दही का उपयोग किया है। फिर इसका घोल बनाकर इसे भाप से पकाया है। फिर इस पर तड़का लगाया है। नीचे दी गई पोहा ढोकला रेसिपी (Poha Dhokla Recipe) को पढ़कर झटपट बनाएँ और सभी को खिलाएँ…

पोहा ढोकला – Poha Dhokla Recipe

Poha dhokla recipe

गुजराती खाने में ढोकला बड़ा फेमस है। क्या आपने कभी पोहा ढोकला घर पर बनाया है? तो आज पोहा ढोकला बनाने की विधि सीखते हैं।

आवश्यक सामग्री

– 100 ग्राम पोहा
– 50 ग्राम सूजी
– 150 ग्राम दही
– 1 हरी मिर्च (बारीक़ काटी हुई)
– 1 छोटा चम्मच इनो फ्रूट साल्ट
– ¼ चम्मच चीनी
– स्वादानुसार नमक
– आवश्यकतानुसार पानी

तड़का सामग्री

– 1 चम्मच राई
– 6 हरे मिर्च (बीच से लम्बाई में काटी हुई)
– 6 कढ़ी पत्ता
– 1 चम्मच तेल

गार्निश सामग्री

– 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया

पोहा ढोकला रेसिपी

– सबसे पहले सूजी को एक बर्तन में छान लें। एक कटोरे में छनी हुई सूजी, पोहा, दही, नमक, बारीक कटी हरी मिर्च और चीनी डालकर मिला लें।

– अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके पानी डालें और अच्छे से फेंट लें। ध्यान रहे ढोकले का घोल मीडियम गीला होना चाहिए। इस घोल में 2 चम्मच ईनो फ्रूट सॉल्ट डालकर फेंट लें।

– किसी बर्तन की पेंदी पर अच्छी तरह से तेल लगाएँ। अब तैयार घोल को चिकनाई लगे बर्तन में डालें।

– प्रेशर कुकर में 3 गिलास पानी डालकर इसमें एक छोटी कटोरी को रखें। कटोरी के ऊपर ढोकले के घोल वाला बर्तन रख दीजिए। फिर कुकर की सीटी निकालकर कुकर का ढक्कन बंद कर दीजिए।

– अब तेज़ आँच पर इसे 25 मिनट के लिए पकने दें। लगभग 25 मिनट बाद ढोकला पक जाएगा। ढोकला पका है या नही इसकी जाँच करने के लिए एक साफ़ चाकू उसमें चुभाएं और बाहर निकालें। अगर चाकू साफ़ बाहर निकल आए तो पोहा ढोकला पक गया है। अगर चाकू में ढोकला चिपकता है तो ढोकला अभी भी कच्चा है और इसे थोड़ा और पकाना है।

– जब यह पक जाए तब गैस बंद करके ढोलका पकाने का बर्तन कुकर से बाहर निकाल लें।

– एक प्लेट में ढोकले के बर्तन को पलटकर पोहा ढोकला को चौकोर आकार में काट लें।

ढोकले का तड़का

– एक कढ़ाही में गरम तेल में राई, कढ़ी पत्ता और लम्बे कटे हरे मिर्च का तड़का लगाएँ।

परोसने का तरीका

– इस तड़के को पोहा ढोकले पर अच्छे से फैलाकर डाल दें।

– अब पोहा ढोकला पर कटी हुई हरी धनिया डालकर सजाएं और सर्व करें।

आपको यह पोहा ढोकला रेसिपी कैसी लगी हमें जरूर बताएं। आप इसके साथ हरी धनिया की चटनी भी बना सकती हैं।

Leave a Comment